वाणगांव में नया सिग्नल सिस्टम शुरू
मुंबई, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई रेलवे विकास कॉर्पोरेशन ने मुंबई उपनगरीय रेल नेटवर्क पर सफर करने वाले यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वाणगांव स्टेशन पर नया सिग्नल सिस्टम शुरू कर दिया है। विरार से दहानू रोड के बीच चल रहे चौहरीकरण प्रोजेक्ट के तहत वाणगांव में अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग और ऑटो सिग्नलिंग सिस्टम को सफलतापूर्वक चालू कर दिया गया है।
वाणगांव यार्ड में इस नए सिस्टम के जरिए 11 सिग्नल, 14 पॉइंट्स और 30 ट्रैक सेक्शन जोड़े गए हैं। इसके साथ ही 25 पुराने रूट्स के अलावा 36 नए रूट्स शुरू किए गए हैं। पटरियों पर गाड़ियों की सटीक निगरानी के लिए 60 डिटेक्शन पॉइंट्स वाला आधुनिक मल्टी-सेक्शन डिजिटल एक्सेल काउंटर सिस्टम लगाया गया है। बोईसर और वाणगांव के बीच रिले हट नंबर सात और आठ पर भी नया उपकरण लगाया गया है। इसमें ग्यारह सिग्नल, बाईस ट्रैक सेक्शन और दस नए रूट्स शामिल हैं।
यह कार्य 11 अक्टूबर को सात घंटे के तय ब्लॉक के दौरान पूरा किया गया। रेलवे टीम ने निर्धारित समय से पच्चीस मिनट पहले ही काम पूरा कर लिया। मुंबई अर्बन ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट चरण तीन के तहत हुआ यह बदलाव उपनगरीय रेल क्षमता को बढ़ाने में मदद करेगा। इस आधुनिक तकनीक से ट्रेनों की आवाजाही पहले से अधिक सुरक्षित होगी और सिग्नल खराबी के कारण होने वाली देरी से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

