home page

अजित प्लेन हादसे मामले में रोहित का नया खुलासा, मुख्यमंत्री फडणवीस को बताया मफलर मैन

 | 

मुंबई, 16 नवंबर (हि.स.)। एनसीपी (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे मामले में नया खुलासा किया है। उन्होंने देवेंद्र फडणवीस की 'मफलर मैन' वाली फोटो दिखाते हुए अजित की हत्या करने वालों को बचाने का आरोप लगाया है।

मुंबई के वाईबी चव्हाण सभागृह में सोमवार को प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए रोहित ने कहा कि अजित दादा के विमान हादसे के बारे में कई लोगों ने उन्हें जानकारी दी है। उसी आधार पर वह अब तक के मामले सामने ला रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने खुद वीएसआर कंपनी के मालिक को बचाने की कोशिश की। वे जयपुर में वीके सिंह के कार्यक्रम में मौजूद थे।

रोहित ने फडणवीस की मफलर पहने एक पुरानी फोटो दिखाई। यह फोटो वीएसआर कंपनी के मालिक वीके सिंह के बेटे रोहित सिंह की शादी की बताई जा रही है, जो 21 नवंबर 2024 को जयपुर में हुई थी। उन्होंने कहा कि अगर इसमें कोई गलती है तो सरकार जांच करे। उन्होंने कहा कि भले ही इस सरकार ने वीके सिंह और उनकी कंपनी को बचाने की कोशिश की हो, लेकिन हमारी सरकार आई तो वह उन्हें नहीं छोड़ेगी।

विधायक रोहित के अनुसार हमारा पक्का मानना है कि फडणवीस ही वो नेता हैं जिन्होंने वीके सिंह और वीएसआर कंपनी को बचाया। वो महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री हैं, उनके पास पावर है, सीआईडी है। प्रधानमंत्री उनकी बात सुनते हैं। सीबीआई उनकी बात सुन सकती है। लेकिन अब तक कोई जांच क्यों नहीं हुई? इसका मुख्य कारण यह है कि हमारे मुख्यमंत्री फडणवीस वीके सिंह के करीबी हैं।

उन्होंने कहा कि यदि हम अपने चाचा को न्याय नहीं दिला सकते, तो हम गरीबों को क्या न्याय दिलाएंगे? यदि मैं दादा के लिए कुछ चीजें न्याय के कटघरे में लाता हूं, तो कल मेरी पॉलिटिक्स खतरे में पड़ सकती है। लेकिन इसका मुझ पर कोई असर नहीं पड़ेगा। मैं यह नहीं कह रहा हूं कि जिस व्यक्ति का नाम मैं ले रहा हूं, उसने अजित दादा की हत्या की। हालांकि हमें शक है कि वह उस कंपनी के मालिक को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

रोहित ने आरोप लगाया कि अजित पवार के विमान हादसे की जांच के लिए सरकार की तरफ से कोई कोशिश नहीं हो रही है। सीबीआई भी इस मामले में केस दर्ज नहीं करना चाहती है। यदि अजित की पार्टी सत्ता में होने के बावजूद कुछ नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि अजित के बंगले के बाहर काला जादू किया गया था, इसमें कोंकण का कोई नेता शामिल हो सकता है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि दादा के विमान हादसे के बारे में डीजीसीए को कई सबूत देने के बाद भी उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार