home page

नीलम गोर्हे ने मुंबई की लोकल ट्रेनों के महिला और दिव्यांग कोचों में पैनिक बटन लगाने की माँग की

 | 

मुंबई, 13 नवंबर (हि.स.)।

शिव सेना (उबाटा) नेता और विधान परिषद की पूर्व उपसभापति डॉक्टर नीलम गोर्हे ने मुंबई की लोकल ट्रेनों के महिला और दिव्यांग कोचों में पैनिक बटन, सीसीटीवी कैमरा लगाने की मांग की है।

गोर्हे ने आरोपित को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने और पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय दिलाने की मांग की है। इसके अलावा उन्होंने रेलवे प्रशासन से पीड़िता का इलाज, कृत्रिम हाथ लगवाने लंबे समय तक पुनर्वास के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ लोकल ट्रेनों के महिला और दिव्यांग कोचों में पैनिक बटन, सीसीटीवी कैमरा लगाने की मांग की है।

उन्होंने बोरीवली से विरार जा रही लोकल ट्रेन में एक महिला के साथ छेड़छाड़ और नयागांव स्टेशन पर धक्का दे कर रेलवे लाइन पर गिराने के मामले को संज्ञान में लेते हुए

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को 12 नवम्बर को पत्र लिखा है।

गौरतलब है कि 4 नवंबर को लोकल ट्रेन में एक महिला के साथ छेड़छाड़ की गई थी और विरोध करने पर नयागांव स्टेशन पर उसे धक्का दे कर

रेलवे लाइन पर गिरा दिया गया था। इस घटना में महिला के ट्रेन की चपेट में आने से उसका बायां हाथ और सिर बुरी तरह घायल हो गया। इलाज के दौरान पीड़िता का बायां हाथ कोहनी से काटना पड़ा और सिर में 16 टांके लगाने पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राघवेंद्र त्रिपाठी