तृप्ति देसाई के आरोपों को नीलम गोरहे ने किया खारिज
मुंबई, 30 मार्च (हि.स.)। विधान परिषद की उपसभापति नीलम गोरहे ने सामाजिक कार्यकर्ता तृप्ति देसाई के उन आरोपों को खारिज कर दिया है. जिसमें उन्होंने गोरहे पर ढोंगी बाबा खरात से मिलने का आरोप लगाया था। गोरहे ने साफ किया है कि उनका पाखंडी बाबा खरात से कोई संबंध नहीं है। वह ढोंगियों पर विश्वास नहीं करती। देसाई के आरोप गलत हैं, उन्हें सबूत देना चाहिए।
देसाई के आरोपों के बाद गोरहे ने सोमवार को प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि वह संवैधानिक पद पर कार्यरत हैं और उनकी जवाबदेही है। वह कहीं जाती हैं तो प्रोटोकाल के नियमों का पालन करती हैं। राजनीतिक जीवन और कार्यक्रमों में कई लोग मिलते रहते हैं। वह अपने दादा, माता-पिता के सिखाए संस्कारों का पालन करती हैं. मैं किसी पाखंडी से नहीं मिलना चाहती, जो खुद को गुरु का अवतार बताते हैं। मैं अंधविश्वास पर विश्वास नहीं करती। खरात मामले की एसआईटी जांच चल रही है। मैं हर जांच के लिए तैयार हूं।
शिवसेना (शिंदे गुट) की नेता गोरहे ने कहा कि मेरी अटूट आस्था देवी-देवताओं, अक्कलकोट स्वामी समर्थ, साईं बाबा, गोंडवालेकर महाराज और गंगापुर के श्रीदत्त महाराज में है. मैं हर जांच के लिए तैयार हूं। मैं पिछले चार दशकों से सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रही हूं। मेरा करियर बिल्कुल साफ और पारदर्शी रहा है। मेरे काम करने का तरीका और मेरे सिद्धांत कभी किसी से छिपे नहीं रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

