एनडीए में शामिल नहीं होगी एनसीपी: सिराज मेंहदी
मुंबई, 26 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व एमएलसी सिराज मेंहदी ने स्पष्ट किया है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार एनडीए में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने इन ख़बरों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है।
सिराज मेंहदी के अनुसार शरद पवार हमेशा से देश में सेक्युलर विचारधारा की जड़ों को मज़बूत करने का काम करते रहे हैं। पूरा देश उन्हें सेक्युलर मूल्यों के हितैषी नेता के रूप में जानता-पहचानता है। ऐसी स्थिति में उनके एनडीए में शामिल होने की ख़बरें 'गोदी मीडिया' की एक साजिश के अलावा कुछ भी नहीं हैं। मेंहदी ने रसद मंत्री छगन भुजबल और शिवसेना (यूबीटी) सांसद संज राऊत के बयान का हवाला देते हुए कहा कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से नहीं लगता कि शरद पवार भाजपा-नीत एनडीए में शामिल होंगे। यह उनकी राजनीतिक विचारधारा के खिलाफ है।
सिराज मेंहदी ने एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले के बयान का ज़िक्र करते हुए कहा कि उन्होंने शरद पवार के सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की चर्चाओं को एक सिरे से खारिज कर दिया है। सुप्रिया ने स्पष्ट किया है कि शरद पवार अभी राज्यसभा के सदस्य हैं और उनका पांच साल का कार्यकाल बाकी है, इसलिए संन्यास लेने का कोई सवाल ही नहीं उठता।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

