एनसीपी नेताओं ने लिया नाला सफाई का जायजा
मुंबई, 23 मई (हि.स.)। बीएमसी की ओर से किए गए नाला सफाई कार्यो का शनिवार को एनसीपी (एसपी) नेताओं के शिष्टमंडल ने प्रत्यक्ष दौरा कर जायजा लिया। नेताओं ने नाराजगी जताई कि मानसून पूर्व कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि इसके नतीजे बारिश के दौरान नजर आने चाहिए।
मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर मुंबई मनपा की ओर से किए गए दावों का एनसीपी (एसपी) के नेताओं ने मौके पर जाकर समीक्षा की। पार्टी के पदाधिकारियों ने वर्ली नाले की सफ़ाई के काम का जायजा लिया। पार्टी के मुंबई अध्यक्ष व पूर्व विधायक मिलिंद अन्ना कांबले, कार्यकारी अध्यक्ष सोहेल सुभेदार, दक्षिण मुंबई जिलाध्यक्ष रूपेश खांडगे और यूथ मुंबई अध्यक्ष अमोल मटाले सहित अन्य पदाधिकारी इस दौरे में शामिल थे। उन्होंने मौके पर जाकर कामों की स्थिति चेक की।
इस दौरान सिल्ट हटाने की प्रक्रिया, ड्रेनेज सिस्टम और प्री-मानसून के कामों की समीक्षा की गई। मिलिंद कांबले ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा का मुद्दा सिर्फ फाइलों और आंकड़ों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने मांग की है कि प्रशासन असल नतीजे दिखाए। सोहेल सुभेदार ने कहा कि मुंबईकर वादों के बजाय एक असरदार ड्रेनेज सिस्टम चाहते हैं। वहीं अमोल मटाले ने कहा कि नाले की सफाई का काम गुणवत्तापूर्ण और असरदार होना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

