एसटी में मंगलवार से एनसीएमसी कार्ड अनिवार्य
मुंबई, 31 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एसटी) की बसों में महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अब एनसीएमसी कार्ड अनिवार्य होगा। मंगलवार से 65 से 75 वर्ष की आयु वाले वरिष्ठ नागरिकों और महिला यात्रियों को रियायती टिकट एनसीएमसी कार्ड के माध्यम से ही दिया जाएगा।
एनसीएमसी कार्ड के पंजीकरण और वितरण की प्रक्रिया एसटी महामंडल की ओर से जारी है। अब तक 1 करोड़ 11 लाख 78 हजार 90 लोगों ने एनसीएमसी कार्ड के लिए पंजीकरण कराया है। फिलहाल वरिष्ठ नागरिकों और महिला यात्रियों के कार्ड का पंजीकरण व वितरण किया जा रहा है। इसके बाद अन्य रियायतधारक यात्रियों के लिए भी कार्ड पंजीकरण और वितरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। एनसीएमसी कार्ड के पंजीकरण और वितरण की जिम्मेदारी एसटी महामंडल ने ई-बिक्स टेक्नोलॉजीज लिमिटेड को सौंपी है। कंपनी के माध्यम से कार्ड के पंजीकरण और वितरण की प्रक्रिया संचालित की जा रही है।
एसटी महामंडल की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार यात्रियों को यात्रा के दौरान कार्ड साथ रखना होगा। उसमें आवश्यक राशि टॉप-अप करानी होगी। हालांकि, 75 वर्ष से अधिक आयु के अमृत वरिष्ठ नागरिकों को कार्ड पंजीकरण में आ रही तकनीकी दिक्कतों के कारण कुछ समय के लिए इस अनिवार्यता से राहत दी गई है। सरकार के निर्देश पर विभिन्न सामाजिक वर्गों को रियायती यात्रा सुविधा दी जाती है। मंगलवार से 65 से 75 वर्ष के वरिष्ठ नागरिकों और महिला यात्रियों के लिए रियायती टिकट एनसीएमसी कार्ड से ही जारी होगा। यात्रियों को सफर के दौरान कार्ड साथ रखना और उसमें आवश्यक राशि का टॉप-अप कराना होगा। महामंडल ने यात्रियों से 1 सितंबर से पहले नजदीकी एसटी आगार में पंजीकरण व कार्ड वितरण की प्रक्रिया पूरी कराने और कार्ड में राशि टॉप-अप कराने की अपील की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

