नवी मुंबई के पांडवकडा झरने में डूबने से युवक की मौत
मुंबई, 19 अगस्त (हि.स.)। नवी मुंबई के पास खारघर-तलोजा जेल रोड स्थित पांडवकडा झरने में बुधवार को डूबने से एक युवक की मौत हो गई। इस घटना की जानकारी मिलते नवी मुंबई पुलिस मौके पर पहुंची और युवक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना की छानबीन नवी मुंबई पुलिस कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में मृतक की पहचान कुर्ला निवासी प्रणव मिश्रा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार प्रवीण आज पांडवकडा झरने पर टहलने के लिए गया था। इसके बाद वह नहाने के लिए झरने में उतर गया, लेकिन झरने में पानी का अंदाज न होने से प्रवीण झरने में डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। काफी तलाश के बाद बचाव दल ने प्रणव को चट्टान की एक दरार में फंसा पाया। टीम ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हालांकि इस घटना की हर ऐंगल से जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

