home page

नासिकः कार पलटने से 3 लोगों की मौत, 4 घायल

 | 

मुंबई, 29 अक्टूबर (हि.स.)। नासिक जिले में नासिक-छत्रपति संभाजीनगर हाईवे पर एरंडगांव-रायते गांव के पास बुधवार तड़के एक कार पलटने से तीन लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि आज सुबह गुजरात के सूरत से एक कार में चालक सहित 7 लोग शिरडी में साईबाबा का दर्शन करने जा रहे थे। नासिक जिले के येवला में जैसे ही कार पहुंची कार चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे कार डिवाइडर से टकरा कर तीन बार पलट गई। घटना में मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही येवला तहसील पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव