home page

नासिक टीसीएस मामलें में कार्रवाई तेज, एचआर हेड की पुलिस हिरासत बढ़ी

 | 

मुंबई, 13 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के नासिक में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) कंपनी में महिला कर्मचारियों से छेड़छाड़ और धर्म परिवर्तन के प्रयास मामले में आरोपित एचआर हेड अश्विनी चेनानी की पुलिस हिरासत सोमवार को जिला न्यायालय ने दो दिन के लिए बढ़ा दी है। वहीं टीसीएस कंपनी ने सभी आरोपित कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।

इस मामले की छानबीन कर रहे अधिकारी ने बताया कि नासिक स्थित टीसीएस कंपनी की एचआर हेड अश्विनी चेनानी को पुलिस ने ११ अप्रैल को गिरफ्तार किया था और न्यायालय ने चेनानी को दो दिन की पुलिस हिरासत दी थी। आज हिरासत खत्म हो रही थी, इसलिए पुलिस ने चेनानी को जिला न्यायालय में पेश किया, जहां न्यायालय ने आरोपित की पुलिस हिरासत दो दिन के लिए बढ़ा दी।

नासिक में टीसीएस कंपनी में महिला कर्मचारियों के साथ छेड़छाड़, एक महिला कर्मचारी के साथ दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन की शिकायत पुलिस को मिली थी। नासिक पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक ने वेश बदल कर पुलिस कर्मियों को कंपनी में भेजा और शिकायत में तथ्य मिलने पर एचआर हेड सहित सात कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले की छानबीन के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है। मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी की नासिक इकाई ने कंपनी के सामने प्रदर्शन किया था और आरोपितों पर कठोर कार्रवाई की मांग की थी।

इधर, टीसीएस कंपनी ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपित कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही कंपनी की ओर अन्य कर्मचारियों की भी जांच की जा रही है। कंपनी ने कहा कि चरित्रहीन कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी, किसी को भी बक्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव