नार्वेकर ने किया राऊत के आरोपों को खारिज
मुंबई, 23 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राऊत के उन आरोपों को खारिज किया है, जिसमें उन्होंने अलीबाग में आदिवासियों की ज़मीनों पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने साफ़ किया है कि जिस जमीन की बात हो रही है, वह आदिवासियों की नहीं है, बल्कि भोगवटा क्रमांक एक की है।
विस अध्यक्ष नार्वेकर ने दावा किया है कि साल 2024 तक दर्ज की गई शिकायतों में कहीं भी नार्वेकर परिवार का जिक्र नहीं था। वर्ष 2025 में प्रशासन की जांच रिपोर्ट भी सामने आई है, जिसमें कहा गया है कि इस मामले में आदिवासी परिवारों को फिर से बसाया गया था। अलीबाग तहसीलों के म्हत्रोली (सरल) में आदिवासी परिवारों की जमीन और फिर से बसाने के बारे में महाराष्ट्र स्टेट ह्यूमन राइट्स कमीशन में शिकायत दर्ज की गई थी। उसके बाद एडिशनल तहसीलदार और एग्रीकल्चरल लैंड ट्रिब्यूनल, अलीबाग ने मौके पर जाकर जांच की और एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपी थी।
इस रिपोर्ट के मुताबिक 19 आदिवासी परिवारों के लिए दूसरी जगहों पर 19 कमरों के घर बनाए गए थे। कुछ परिवार इन घरों में रहने लगे, जबकि बाकी आठ को अपनी पसंद के घर बनाने के लिए पैसे दिए गए। संबंधित परिवारों ने अपने लिखित बयान में कहा है कि उन्हें पुनर्वास वाली जगह पर कोई शिकायत नहीं है। मांडवा सागरी पुलिस स्टेशन ने भी मामले की जांच की थी। कुछ शिकायत करने वालों ने लिखित में बताया था कि उनकी शिकायतें लंबित हैं। नार्वेकर ने बताया कि प्रशासन ने ह्यूमन राइट्स कमीशन से इस जांच के आधार पर मामले के निपटारे का अनुरोध किया था।
राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि अगर राऊत के आरोपों में सच्चाई है तो संबंधितों को जांच करनी चाहिए। सरकार इसके लिए तैयार है। सरकार निश्चित रूप से जांच करेगी। हालांकि बिना किसी ठोस सबूत के विधानसभा अध्यक्ष जैसे प्रतिष्ठित व्यक्ति को बदनाम करना सही नहीं है। कानूनी प्रक्रिया के अनुसार, कुछ स्थितियों में, आदिवासियों की जमीन गैर-आदिवासियों को ट्रांसफर की जा सकती है। हालांकि मैं नार्वेकर पर लगाए गए आरोपों से सहमत नहीं हूं। मुझे उन पर भरोसा है। इसलिए, आरोप लगाने के बजाय, लिखित शिकायत दर्ज की जानी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

