महाराष्ट्र के 22 जिलों के टेक्निकल स्कूलों का बदलेगा नाम
मुंबई, 08 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र में सरकारी टेक्निकल स्कूलों के नाम बदले जाएंगे। सूबे के 22 जिलों के स्कूलों के नाम बदलने का निर्णय लिया गया है।
राज्य सरकार ने कोंकण और नासिक मंडल को छोड़कर बाकी मंडलों के 51 और सरकारी तकनीकी स्कूलों के नाम बदलने को मंजूरी दे दी है। यह जानकारी कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने दी है। सरकारी निर्णय के अनुसार स्कूलों को विभिन्न क्षेत्रों के समाजसेवक, खास विचारों के लिए काम करने वाले कार्यकर्ता और स्वतंत्रता सेनानियों का नाम दिया जाएगा।
कौशल विकास मंत्री लोढ़ा की अध्यक्षता में एक सदस्यीय समिति बनी है। नाम बदलने का फैसला लेने का अधिकार इसी समिति को दिया गया है। पहले 21 अक्टूबर 2026 को जारी शासनादेश के अनुसार कोंकण और नासिक मंडल के 25 स्कूलों के नाम बदलने को मंजूरी मिली थी. अब बाकी मंडलों के 51 स्कूलों के नाम शामिल किए गए हैं। जिलेवार गौर करें तो यवतमाल में सबसे अधिक पांच स्कूलों के नाम बदले जाएंगे। छत्रपति संभाजीनगर और वर्धा में चार-चार, नांदेड़, अमरावती और गडचिरोली में तीन-तीन स्कूलों के नाम बदले जाएंगे।
पुणे, सातारा, जालना, परभणी, बीड, हिंगोली, धाराशिव, वाशिम, नागपुर, गोंदिया और चंद्रपुर में दो-दो स्कूलों के नाम बदले जाएंगे। सांगली, सोलापुर, लातूर, बुलढाणा और भंडारा में एक-एक स्कूल का नाम बदला जाएगा।
इन स्कूलों का मकसद बच्चों को माध्यमिक स्तर से ही तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा से जोड़ना, कौशल पढ़ाई में रुचि जगाना और रोजगार के लायक हुनर सिखाना है। सरकार का कहना है कि नाम बदलने से इन संस्थानों को नई पहचान मिलेगी। नामकरण का काम चरबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

