home page

गोकुल के 4 मनोनीत सदस्यों के नाम घोषित

 | 

मुंबई, 09 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने कोल्हापुर डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स यूनियन लिमिटेड (गोकुल) में मनोनीत चार सदस्यों के नाम घोषित कर दिए हैं। इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है।

राज्य सरकार ने शिवाजी दिनकर आडनाईक (कोल्हापुर), डॉ. प्रवीणचंद्र रंगनाथ हेंद्रे (कोल्हापुर), प्रशांत भगवान पाटोले (सांगली) और कृष्णात ज्ञानदेव पाटिल (कोल्हापुर) को गोकुल के निदेशक मंडल में मनोनीत सदस्य नियुक्त किया है। कोऑपरेटिव सोसाइटीज (मिल्क) के जॉइंट रजिस्ट्रार ने इन नामों की सरकार के पास सिफारिश की थी। इसके अनुसार ये नियुक्तियां की गई हैं। इन सदस्यों को बैठक में वोट देने का अधिकार का होगा। गोकुल दूध संघ के अध्यक्ष पद का चुनाव मंगलवार 10 नवंबर को होने वाला है। गोकुल के 25 चुने गए निदेशकों में 13 कांग्रेस समविचारी गठबंधन के हैं और 12 महायुति के हैं। मनोनीत चार सदस्यों को वोटिंग का अधिकार देने को लेकर विवाद चल रहा है। इसके विरोध में सोमवार को कोल्हापुर में कांग्रेस नेता सतेज उर्फ बंटी पाटिल के नेतृत्व में विराट मोर्चा निकाला गया था। पाटिल का आरोप है कि गोकुल पर कब्जा जमाने की साजिश रची गई है।

राज्य सरकार ने कोऑपरेटिव एक्ट में अमेंडमेंट किया है। 500 करोड़ रुपये से अधिक के सालाना टर्नओवर वाली, सरकारी शेयर कैपिटल, लोन, गारंटी, ग्रांट, सरकारी जमीन या किसी भी तरह की वित्तीय मदद पाने वाली फेडरल कोऑपरेटिव सोसायटियों की कमेटी में सरकार द्वारा मनोनित पांच सदस्यों को शामिल करने का प्रावधान किया गया है। जिला मध्यवर्ती बैंकों को इस प्रावधान से बाहर रखा गया है। इसमें सरकार की ओर से नियुक्त 5 सदस्यों में एक सरकारी अधिकारी (कोऑपरेटिव सोसायटी के असिस्टेंट रजिस्ट्रार के रैंक से नीचे का न हो) और संगठन के कामकाज से जुड़े जरूरी अनुभव और योग्यता वाले चार लोगों को शामिल करने का नियम है। सहकारिता एक्ट में बदलाव करके गोकुल में सरकार द्वारा नियुक्त चार निदेशक नियुक्त करने का फैसला किया गया है।

L

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार