home page

नायगांव स्टेशन पर महिला यात्री से छेड़छाड़, धक्का देने वाला आरोपित गिरफ्तार

 | 
नायगांव स्टेशन पर महिला यात्री से छेड़छाड़, धक्का देने वाला आरोपित गिरफ्तार


पालघर, 12 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम रेलवे के नायगांव स्टेशन पर महिला यात्री से कथित छेड़छाड़ और उसे धक्का देने के मामले में भायंदर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने 53 वर्षीय आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित नायगांव पूर्व, पालघर जिले का निवासी है और फिलहाल भायंदर जीआरपी के कब्जे में है।

रेलवे के अनुसार, घटना 4 नवंबर 2026 की शाम करीब 7 बजकर 4 मिनट की है। नायगांव रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक एक पर एक महिला यात्री घायल अवस्था में मिली थी। उसे तत्काल उपचार के लिए वसई के जनसेवा अस्पताल ले जाया गया। शुरुआत में इस घटना को दुर्घटना माना गया था। बाद में 6 नवंबर को मुंबई के कूपर अस्पताल में पीड़िता का विस्तृत बयान दर्ज किया गया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि लोकल ट्रेन में एक अज्ञात पुरुष यात्री ने कथित तौर पर उसके साथ छेड़छाड़ की थी। नायगांव स्टेशन पर उतरने के बाद जब उसने आरोपित का विरोध किया तो उसने कथित तौर पर उसे धक्का दे दिया। धक्का लगने के कारण महिला दो डिब्बों के बीच रेलवे ट्रैक पर गिर गई। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आने से उसका बायां हाथ गंभीर रूप से घायल हो गया।

पीड़िता के बयान के आधार पर भायंदर जीआरपी ने अपराध क्रमांक 061/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 74, 117(2) और 352 के अंतर्गत मामला दर्ज किया।

आरोपित की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भायंदर जीआरपी और आरपीएफ वसई रोड की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने 9 नवंबर को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की उम्र 53 वर्ष बताई गई है और वह नायगांव पूर्व का निवासी है। मामले की आगे की जांच भायंदर जीआरपी द्वारा की जा रही है। पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए यात्रियों से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे अधिकारियों अथवा रेल मदद के माध्यम से देने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार