रहस्यमयी बुखार, दुर्लभ वायरस की पहचान
मुंबई, 13 अगस्त (हि.स.)। पिछले नौ महीने से बार-बार स्ट्रोक, दौरे और न्यूरोलॉजिकल समस्याओं से जूझ रहे 42 वर्षीय व्यक्ति की बीमारी के रहस्य का पता चल गया है। उसे दुर्लभ वैरिसेला-जोस्टर वायरस (विजेदवी) वैस्कुलोपैथी से संक्रमित पाया गया है। सही समय पर एंटीवायरल उपचार मिलने के बाद मरीज ने पूरी न्यूरोलॉजिकल रिकवरी हासिल की है। यह सफलता ठाणे जिले के ज्यूपिटर अस्पताल के डॉक्टरों ने पाई है।
मरीज को करीब नौ महीने पहले लगातार सिरदर्द की शिकायत शुरू हुई थी. एमआरआई में छोटे-छोटे स्ट्रोक दिखाई दिए। रक्त पतला करने वाली दवाओं के बावजूद उसे बार-बार स्ट्रोक, बोलने में परेशानी, भ्रम, याददाश्त कमजोर होने और दौरे पड़ने लगे। हृदय, रक्त के थक्के, ऑटोइम्यून बीमारी और संक्रमण सहित कई जांचों के बावजूद बीमारी का कारण स्पष्ट नहीं हो रहा था। हालत गंभीर होने पर उसे ठाणे के ज्यूपिटर अस्पताल में भर्ती किया गया। कंसल्टेंट न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. अनिरुद्ध मोरे के नेतृत्व में टीम ने विस्तृत जांच की। डिजिटल सबट्रैक्शन एंजियोग्राफी में मस्तिष्क की प्रमुख रक्त वाहिकाओं में थक्के मिले। उपचार के बाद मरीज को तीन दिन में वेंटिलेटर से हटा दिया गया।
बाद में स्पाइनल फ्लूइड की दोबारा जांच में वीजेडवी एंटीबॉडी पॉजिटिव मिलीं, जिससे बीमारी की पुष्टि हुई। मरीज को इंट्रावेनस एसाइक्लोविर और एंटी-क्लॉटिंग दवाएं दी गईं। इसके बाद कोई नया स्ट्रोक नहीं हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

