home page

महाविकास आघाड़ी का सत्ता जाने के बाद मुंबई में शोक मार्च : भाजपा

 | 

मुंबई, 01 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने शनिवार को महाविकास आघाड़ी (मविआ) के संविधान बचाओ के मोर्चे पर तंज कसते हुए कहा कि यह महाविकास आघाड़ी का सत्ता जाने के बाद मुंबई में शोक मार्च निकाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि मविआ को पता है कि आगामी नगर निकाय चुनाव हारने वाले हैं, इसीलिए चुनाव से पहले ही चुनाव आयोग पर आरोप लगाना शुरु कर दिया है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने आज पत्रकारों से बातचीत में कहा कि महाविकास अघाड़ी को लोकसभा चुनाव में 30 सीटें मिली थीं। उस समय मविआ ने ईवीएम और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर कोई संदेह व्यक्त नहीं किया था। लेकिन जब विधानसभा में जनता ने मविआ को नकार दिया और मतदाताओं ने महायुति की सच्चाई के पक्ष में मतदान किया । इसके बाद मविआ ने ईवीएम और चुनाव आयोग पर अविश्वास व्यक्त करना शुरु कर दिया है। लेकिन इस विरोध का कोई असर महाराष्ट्र की जागरुक जनता पर नहीं पड़ेगा और आगामी नगर निकाय चुनावों में भाजपा फिर से जीत कर राज्य में नंबरवन बनेगी। नवनाथ बन ने राज ठाकरे पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें जनता ने नकार दिया है। लेकिन अब वे महाविकास आघाड़ी में शामिल होकर अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव