मंत्री महाजन की पत्नी के निर्विरोध चयन को मविआ की चुनौती
मुंबई, 24 नवंबर (हि.स.)। जलगांव जिले की जामनेर नगर परिषद के नगराध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुनी गई जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन की पत्नी साधना को महाविकास आघाड़ी ने कोर्ट में चुनौती देने का फैसला किया है। इससे साधना का निर्विरोध चुने जाने का मामला विवादों में घिरता नजर आ रहा है।
भाजपा नेताओं का दावा है कि उनकी पार्टी के अब तक 3 नगाराध्यक्ष और 100 नगरसेवक निर्विरोध चुने गए हैं। इस बीच साधना महाजन के चुनाव पर महाविकास आघाड़ी ने आपत्ति जताई है। महाविकास आघाड़ी के नेताओं ने आरोप लगाया है कि राज्य चुनाव आयोग की ओर से अचानक किए गए बदलाव के कारण उनकी उम्मीदवार ज्योत्सना विस्पुते का नामांकन खारिज कर दिया गया। एनसीपी (एसपी) नेता दिलीप खोडपे और ज्योत्सना ने ये आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हमारे उम्मीदवार का नामांकन एलिजिबल होने के बावजूद रिजेक्ट कर दिया गया। अचानक चुनाव आयोग ने अपना आदेश बदल दिया और नॉमिनेशन फॉर्म में एक नॉमिनेटर के बजाय पांच नॉमिनेटर के नाम देना ज़रूरी कर दिया। नियमों में किए गए इस बदलाव की वजह से राज्य में कई उम्मीदवारों के एप्लीकेशन इनएलिजिबल हो गए हैं।
मविआ उम्मीदवार ज्योत्सना विस्पुते ने मांग की है कि 18 नवंबर का ऑर्डर तुरंत कैंसल किया जाए और 17 नवंबर का ऑर्डर रिस्टोर किया जाए। उन्होंने बताया कि वह हाई कोर्ट की छत्रपति संभाजीनगर पीठ में याचिका दायर करेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

