home page

एमयू का स्वच्छता अभियान, साफ किया 500 किलो प्लास्टिक कचरा

 | 

मुंबई, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई विश्वविद्यालय (एमयू) के ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत विद्यानगरी परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें विश्वविद्यालय से जुड़े 35 कॉलेजों के करीब 250 राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान परिसर के अलग-अलग हिस्सों की सफाई की गई और लगभग 500 किलो प्लास्टिक कचरे का निपटान किया गया।

अभियान का उद्देश्य परिसर को स्वच्छ और स्वस्थ रखने के साथ विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने परिसर के विभिन्न स्थानों पर सफाई की और प्लास्टिक सहित अन्य कचरे को इकट्ठा किया। एमयू की ओर से राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े विभिन्न अभियानों में लगातार शामिल किया जा रहा है। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान में शामिल विद्यार्थियों ने भी स्वच्छ परिसर बनाए रखने और प्लास्टिक कचरे को कम करने का संदेश दिया।

इस अभियान में एमयू के कुलसचिव डॉ. प्रसाद कारंडे, विद्यार्थी विकास विभाग के संचालक डॉ. सुनील पाटील और राष्ट्रीय सेवा योजना कक्ष के विशेष कार्य अधिकारी सुशील शिंदे उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की और कहा कि स्वच्छता को केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहिए। इसे रोजाना की जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार