मुंबई में गर्मी ने तोड़ा इस साल का दूसरा रिकॉर्ड, पारा 38 के पार
मुंबई, 4 मार्च (हि.स.)। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बुधवार को इस साल का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। सांताक्रूज में अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगामी दिनों में मौसम विभाग ने गर्मी का येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को विशेष सावधानी बरतने का सुझाव दिया गया है।
रात में मौसम थोड़ा ठंडा होने के कारण सर्दी, खांसी और बुखार के मामले बढ़ रहे हैं. बुधवार को कोलाबा में 35.7 डिग्री सेल्सियस और सांताक्रुज में 38.7 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मुंबई में इससे पहले 21 फरवरी को इस साल का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया था, जब तापमान 36.3 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया था। ठाणे में तापमान 35 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने मुंबई ठाणे और रत्नागिरी के लिए गुरुवार को गर्मी का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं पालघर, रायगढ़ और रत्नागिरी के लिए शुक्रवार तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार तापमान में बढ़ोतरी मुख्य रूप से एक एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण हो रही है। आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री से अधिक या उसके आस-पास रहने की संभावना है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक बच्चों, बुज़ुर्गों और जिन्हें पहले से कोई बीमारी है, उन्हें ठंडे, सुरक्षित माहौल में रहने का खास ध्यान देना चाहिए। दिन भर पर्याप्त पानी पिएं, शराब और कैफीन वाली पेय से बचें। इससे डिहाइड्रेटेड का खतरा रहता है। नारियल पानी, छाछ या इलेक्ट्रोलाइट वॉटर साथ रखें। तेज धूप के समय दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर जाने से बचें। बाहर निकलते समय धूप के चस्मे और टोपी पहनें। हल्के रंग के और ढीले-ढाले कपड़े पहनें। ताज़े फल, सलाद और आसानी से पचने वाला खाना खाएं. भारी, ऑयली और मसालेदार खानों से बचें। स्वास्थ्य से संबंधित कोई समस्या होने पर तुरंत डॉक्टरों से संपर्क करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

