home page

केंद्र सरकार के खिलाफ मुंबई युवक कांग्रेस का आंदोलन

 | 

मुंबई, 04 फरवरी (हि.स.)। चीन मुद्दे पर मोदी सरकार की लापरवाही और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने न देने के विरोध में बुधवार को मुंबई युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आंदोलन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पीएम मोदी और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

मुंबई युवक कांग्रेस की अध्यक्ष ज़ीनत शबरीन के नेतृत्व में मुंबई कांग्रेस कार्यालय, राजीव गांधी भवन परिसर में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इकट्ठा हुए। उन्होंने अपने हाथ में केंद्र सरकार विरोधी स्लोगन लिखी तख्तियां ले रखी थीं। शबरीन ने कहा कि देश की सुरक्षा से जुड़े गंभीर सवालों पर मोदी सरकार मौन साधे हुए है और सच्चाई को दबाया जा रहा है। गलवान प्रकरण पर प्रधानमंत्री मोदी क्या छिपा रहे हैं। चीन मुद्दे पर मोदी सरकार देश को स्पष्ट जवाब दे। साथ ही पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज नरवणे की पुस्तक को तत्काल प्रकाशित किया जाना चाहिए।

शबरीन ने बताया कि साल 2020 में चीन के साथ हुए संघर्ष को लेकर पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज नरवणे द्वारा किए गए गंभीर खुलासों पर संसद में बोलने से राहुल गांधी को रोके जाने से देशभर में भारी रोष है। सेना की स्पष्ट चेतावनियों के बावजूद मोदी सरकार ने समय रहते निर्णय नहीं लिया। इसके कारण हमारे वीर जवानों को शहादत देनी पड़ी। इन जवानों की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार