मुंबई में मिलेगी ट्रैफिक जाम से मुक्ति- मुख्यमंत्री फडणवीस
मुंबई, 14 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को 'मुंबई कोस्टल रोड परियोजना उत्तर' के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि शहर के बुनियादी ढांचे और परियोजनाओं को साकार होते ही जल्द मुंबई को ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिल जाएगी।
मुख्यमंत्री के साथ मंत्री आशीष शेलार, विधायक अमित साटम, मुंबई की महापौर रितु तावड़े, उपमहापौर संजय घाडी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को उच्च गुणवत्ता के साथ काम को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। कोस्टल रोड परियोजना के मालाड माइंड स्पेस परिसर में सबसे बड़े इंटरचेंज में से एक का निर्माण किया जा रहा है। यहां कुल 9 रैम्प बनाए जा रहे हैं। इन रैम्पों की मदद से विभिन्न दिशाओं में जाने वाले वाहनों का आवगमन बेहद प्रभावी ढंग से होगा। यातायात की कड़ियां आपस में सुचारू रूप से जुड़ेंगी। यह आधुनिक कनेक्टर सीधे गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड (जीएमएलआर) सुरंग से जुड़ेगा, जिससे जनरल अरुण कुमार वैद्य मार्ग और सावरकर पुल जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक का दबाव बहुत कम हो जाएगा। करीब 4.5 किलोमीटर लंबे इस सिग्नल-मुक्त मार्ग से माइंडस्पेस क्षेत्र के आईटी पार्क और व्यावसायिक कार्यालयों को सीधा लाभ मिलेगा।
परियोजना के तहत लोखंडवाला रोटरी क्षेत्र में तीन स्तरों (ग्राउंड, फर्स्ट और सेकंड लेवल) की अत्याधुनिक यातायात व्यवस्था विकसित की जा रही है। वर्ली इंटरचेंज की तर्ज पर बन रहे इस सिस्टम से लिंक रोड पर गाड़ियों का बोझ कम होगा। साथ ही वर्सोवा के अमरनाथ टावर के पास बन रहा इंटरचेंज मढ द्वीप, लोखंडवाला और अंधेरी पश्चिम के नागरिकों को सीधे जोड़ेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

