मुंबई-पुणे का सफर होगा सुपरफास्ट, एक मई को ‘मिसिंग लिंक’ का लोकार्पण
मुंबई, 26अप्रैल (हि.स.)। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर वर्षों से यात्रियों के लिए सबसे बड़ी परेशानी रहे घाट सेक्शन का झंझट अब खत्म होने जा रहा है। आगामी 1 मई को ‘मिसिंग लिंक’ का लोकार्पण मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस करेंगे।
उद्घाटन समारोह में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार सहित संबंधित मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस परियोजना के खुलने पर मुंबई -पुणे का सफर सुरक्षित और सुपरफास्ट हो जाएगा। घाट सेक्शन को बायपास करने वाली इस नई सड़क से दूरी करीब 6 किलोमीटर कम हो जाएगी। यात्रा समय में 30 मिनट की बचत होगी। इससे मुंबई से पुणे का सफर अब महज डेढ़ घंटे के आसपास सिमट कर रह जाएगा।
बहुप्रतीक्षित मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के ‘मिसिंग लिंक’ प्रोजेक्ट का काम शत प्रतिशत पूरा हो चुका है और सभी परीक्षण भी सफल रहे हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसके लोकार्पण के लिए 1 मई की तारीख तय की है। महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास महामंडल ने कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी हैं। खोपोली स्थित सुरंग में 1 मई को लोकार्पण समारोह आयोजित होगा। इसके बाद यह मार्ग वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। इससे समय व ईंधन की बचत होगी। यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर बढ़ती ट्रैफिक समस्या को कम करने और यात्रा को तेज बनाने के लिए एमएसआरडीसी ने खोपोली-कुसगांव के बीच 13.3 किमी लंबी मिसिंग लिंक बनाने का निर्णय लिया था। इस प्रोजेक्ट की शुरुआत 2019 में दो चरणों में हुई थी और इसे 2021 तक पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन विभिन्न कारणों से देरी होती रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

