मुंबई-पुणे हाईवे का होगा विस्तार, बनेगी छह लेन सड़क
मुंबई, 09 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास महामंडल ने पुराने मुंबई-पुणे हाईवे का विस्तार करने का फैसला किया है। इस हाईवे के 111 किलोमीटर हिस्से को छह लेन किया जाएगा। इस परियोजना के लिए सलाहकार नियुक्त करने के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं।
पुराना मुंबई-पुणे मार्ग राष्ट्रीय महामार्ग संख्या 4 के रूप में जाना जाता है, जो वर्ष 2010 में एनएच 48 का हिस्सा बना। यशवंतराव चव्हाण एक्सप्रेसवे के बनने से पहले दोनों शहरों के बीच आवागमन का यह मुख्य जरिया था। करीब 150 से 156 किलोमीटर लंबा यह हाईवे शुरुआत में दो लेन का था, जिसे बाद में वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण चार लेन किया गया। वर्तमान में इस सड़क की देखरेख की पूरी जिम्मेदारी एमएसआरडीसी संभाल रही है। मौजूदा समय में इस मार्ग की वाहन क्षमता रोजाना 40 हजार है, जबकि यहां से प्रतिदिन करीब 70 हजार वाहन गुजर रहे हैं। क्षमता से करीब दोगुना ट्रैफिक होने के कारण सड़क लगातार छोटी पड़ रही है। इससे ट्रैफिक जाम की समस्या खड़ी हो रही है। इस संकट को दूर करने के लिए एमएसआरडीसी ने इसे छह लेन करने की योजना बनाई है।
एमएसआरडीसी के अधीक्षण अभियंता राहुल वसईकर के अनुसार निगडी से शीलफाटा के बीच 110.8 किलोमीटर लंबे हिस्से को छह लेन किया जाएगा। सलाहकार नियुक्ति की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर वर्ष 2027 की शुरुआत में डीपीआर का काम शुरू किया जाएगा। प्रारूप अंतिम होते ही अन्य औपचारिकताएं पूरी कर मौके पर प्रत्यक्ष निर्माण शुरू करने की योजना बनाई गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

