मुंबई पुलिस ने नहीं दी ओबीसी आंदोलन को अनुमति
मुंबई, 30 अगस्त (हि.स.)। मुंबई पुलिस ने एक सितंबर को आजाद मैदान में होने वाले ओबीसी समुदाय के आंदोलन को अनुमति देने से मना कर दिया है। पुलिस ने साफ किया है कि इससे शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या निर्माण हो सकती है। साथ ही कानून व्यस्था व स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं, इसलिए आंदोलन को इजाजत नहीं दी जा सकती।
ओबीसी नेता लक्ष्मण हाके ने 1 सितंबर को 'चलो मुंबई' आंदोलन की घोषणा की है। उनका कहना है कि यह आंदोलन ओबीसी आरक्षण के अधिकारों की रक्षा के लिए है। हाके का आरोप है कि ओबीसी को मिलने वाले आरक्षण के हक में मराठा-कुणबी प्रमाण पत्र बांटे जा रहे हैं, जिसका वे विरोध करते हैं। मराठा समाज को ईडब्ल्यूएस या एसईबीसी कोटे से आरक्षण दिया जाए। उन्हें ओबीसी कोटे में शामिल न किया जाए। राज्यभर से ओबीसी समुदाय के लोग 1 सितंबर को मुंबई के आजाद मैदान में आंदोलन के लिए जमने वाले हैं। आंदोलन के लिए मल्लिकार्जुन पुजारी के नाम से आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में अनुमति के लिए आवेदन किया गया था।
आजाद मैदान पुलिस ने अलग-अलग वजहें बताते हुए आंदोलन को अनुमति देने से मना कर दिया है। पुलिस के अनुसार आंदोलन से आजाद मैदान के आसपास के अस्पतालों के सिस्टम पर असर पड़ सकता है। यदि बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी मुंबई में आते हैं, तो शहर का ट्रैफिक सिस्टम खराब हो सकता है। इसके अलावा भीड़ के कारण कानून-व्यवस्था का मुद्दा निर्माण हो सकता है। यहां के लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। राज्यभर से 1 सितंबर को बड़ी संख्या में ओबीसी समुदाय के लोग आजाद मैदान पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि पुलिस ने अनुमति देने से मना कर दिया है। अब देखना होगा कि ओबीसी नेता गे क्या निर्णय लेते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

