मुंबई पुलिस को मिले 1290 वाहन
मुंबई, 26 फरवरी (हि.स.)। मुंबई और उपनगरीय क्षेत्रों में अपराध पर अंकुश लगाने के अभियान में राज्य सरकार ने गुरुवार को 1290 वाहनों को शामिल किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नरीमन पॉइंट के मुरली देवड़ा चौक पर गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में इन वाहनों को हरी झंडी दिखाई।
इन वाहनों में 657 टू-व्हीलर और 633 फोर-व्हीलर शामिल हैं। अभी हेल्पलाइन पर मिली शिकायतों पर मुंबई पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम 5.30 मिनट है। इन गाड़ियों के शामिल होने से यह रिस्पॉन्स टाइम कम होगा। इन गाड़ियों से अपराधों को जल्दी सुलझाने और पीड़ितों को तुरंत इंसाफ दिलाने में मदद मिलेगी।
मुंबई पुलिस कमिश्नरेट के तहत कुल 90 पुलिस स्टेशन काम कर रहे हैं। इनमें से हर पुलिस स्टेशन को पांच टू-व्हीलर, चार स्कॉर्पियो और एक बड़ी अर्मेनिया गाड़ी दी जाएगी, जिससे कुल दस गाड़ियां हो जाएंगी। ये फोर-व्हीलर मोबाइल डेटा टर्मिनल, जीपीएस सिस्टम, गाड़ी ट्रैकिंग सिस्टम जैसी मॉडर्न टेक्नोलॉजी से लैस हैं।
इस मौके पर गृह राज्य मंत्री योगेश कदम, मुंबई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त एस. जयकुमार और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
--------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

