सेंचुरी मिल की जमीन से मुंबई मनपा को होगी 1350 करोड़ की आय
मुंबई, 26 अप्रैल (हि.स.)। लोअर परेल स्थित सेंचुरी मिल की कीमती जमीन से मुंबई मनपा को 1350 करोड़ की राजस्व मिलने की अनुमान है। इस जमीन को लीज पर देकर मनपा बड़ी आय का स्त्रोत निर्माण करेगी।
करीब 6 एकड़ में फैली यह जमीन पहले सेंचुरी स्पिनिंग एंड मैन्युफैक्चरिंग कंपनी को 1927 में सीमित अवधि के लिए दी गई थी। यहां मिल मजदूरों के लिए आवास बनाए गए थे। लीज समाप्त होने के बाद इस जमीन को लेकर लंबा कानूनी विवाद चला। अदालत का फैसला मुंबई मनपा के पक्ष में आया। जमीन पर कब्जा मिलने के बाद मनपा ने इसके पुनर्विकास की दिशा में कदम बढ़ाए। सबसे पहले यहां रह रहे मजदूरों और अन्य निवासियों का सर्वे कराया गया, ताकि उनके पुनर्वास को योजना में शामिल किया जा सके। प्रस्तावित योजना के तहत इस जगह पर आधुनिक आवासीय परियोजना विकसित की जाएगी, जिसमें कुछ फ्लैट मूल कामगारों को दिए जाएंगे, जबकि बाकी खुले बाजार में बेचे जाएंगे।
सेंचुरी मिल की जमीन की परियोजना को हासिल करने के लिए देश की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियां दिलचस्पी दिखा रही हैं। इस जमीन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और इसमें शापूरजी पालनजी ग्रुप, रहेजा ग्रुप, किश्तो ग्रुप और पेडर रियलिटी जैसी बड़ी कंपनियों ने प्रस्ताव जमा किए हैं। आगामी दिनों मे मनपा इन प्रस्तावों की समीक्षा कर अंतिम निर्णय लेगी। मनपा अधिकारियों के अनुसार जमीन को लीज पर देने से मनपा को एकमुश्त बड़ी आमदनी प्राप्त होगी। लोअर परेल जैसे प्रमुख इलाके में इस बड़े प्रोजेक्ट को रियल एस्टेट सेक्टर के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अंतिम फैसले में तय होगा कि इस बहुमूल्य जमीन का विकास किस कंपनी को दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

