खतरनाक पेड़ों की छंटाई में जुटी मुंबई मनपा
मुंबई, 16 अप्रैल (हि.स.)। मानसून के मौसम में पेड़ों के गिरने से जानमाल की हानि न हो इसके लिए मुंबई मनपा प्रशासन पहले से सतर्क हो गया है। लोगों को होने वाली असुविधा से बचाने के लिए महानगर में पेड़ों की शाखाओं की छंटाई शुरू कर दी गई है। मनपा के उद्यान विभाग ने मुंबईवासियों को पहले से यह बताने की योजना बनाई है कि उनके क्षेत्र में पेड़ों की छंटाई कब की जाएगी, ताकि काम में किसी प्रकार की बाधा न आ सके।
मनपा प्रशासन ने फैसला किया है कि पेड़ों की छंटाई के काम की जानकारी 21 अप्रैल 2025 से वार्ड कार्यालयों के सोशल मीडिया पर पोस्ट की जाएगी। इस कार्यक्रम की जानकारी संबंधित प्रशासनिक विभागों के नोटिस बोर्ड पर भी प्रकाशित की जाएगी। मनपा आयुक्त भूषण गगरानी ने निर्देश दिया है कि विभिन्न विभागों के माध्यम से मानसून पूर्व कार्य समय पर शुरू किए जाएं और समय सीमा के भीतर पूरे कर लिए जाएं। मानसून आने से पहले मुख्य रूप से सूख गए और खतरनाक पेड़ों को हटाया जाएगा। पेड़ों की अनावश्यक व जर्जर शाखाओं की छंटनी की जाएगी। इसके अलावा शहर की हरियाली बनाए ऱखने के लिए पौधरोपण किए जाएंगे। पेड़ों की जड़ों, तने और पत्तियों पर कीटनाशकों का छिड़काव किया जाएगा। इन कार्यों को करते समय जहां आवश्यक होगा वहां पुलिस सहायता ली जाएगी।
सरकारी भवनों और प्रतिष्ठानों के परिसर में कई वृक्ष हैं। जब पेड़ों की छंटाई का काम चल रहा होता है, तो पेड़ों के नीचे खड़े वाहनों के कारण अक्सर काम बाधित होता है। यदि वाहन मालिक मौजूद नहीं है तो पूरा काम विलंबित हो जाता है। अब छंटनी का काम जिस दिन किया जाएगा, उसकी जानकारी पहले संबंधित वार्ड कार्यालय के सोशल मीडिया हैंडल पर प्रसारित की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित वार्ड कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर कार्यक्रम प्रकाशित किया जाएगा। उद्यान अधीक्षक जितेंद्र परदेशी ने कहा कि लोग अपने वाहनों को निर्धारित स्थान पर पार्क करके अभियान में सहयोग करें। निजी हाउसिंग सोसायटियों से अपील की गई है कि वे मनपा से पूर्व अनुमति लेकर मानसून से पहले पेड़ों की छंटाई करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार