मुंबई मनपा ने 34 संपत्तियों की नीलामी के लिए जारी की नोटिस
मुंबई, 07 मार्च (हि.स.)। प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान न करने वाले बड़े बकायेदारों के खिलाफ मुंबई मनपा ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर की 34 संपत्तियों की ई-नीलामी प्रक्रिया के लिए नोटिस जारी की गई है। मनपा कर निर्धारण व संकलन विभाग ने नोटिस जारी की है।
मुंबई मनपा ने सभी बकायेदारों को 21 दिन की अंतिम नोटिस दी है। निर्धारित समय में टैक्स जमा न करने पर संबंधित संपत्तियों की सार्वजनिक ई-नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इनमें खाली भूखंड, व्यावसायिक इमारतें, होटल और मिश्रित उपयोग वाली संपत्तियां शामिल हैं। इन 34 संपत्ति धारकों पर दंड सहित कुल 548 करोड़ 69 लाख 82 हजार 487 रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है. जिन संपत्तियों को नोटिस जारी किया गया है, उनमें से 11 की दीर्घावधि नोटिस अवधि समाप्त होने के बाद वास्तविक नीलामी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक खरीदारों से बोली आमंत्रित की गई है। नीलामी की कार्रवाई शुरू होते ही 5 संपत्ति धारकों ने 10 करोड़ 45 लाख रुपये का बकाया टैक्स जमा कर दिया है।
करदाताओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय सीमा में बकाया टैक्स जमा करें, ताकि दंडात्मक और कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके। टैक्स भुगतान में जानबूझकर टालमटोल करने वालों के खिलाफ मुंबई मनपा के अधिनियम 1888 की धारा 203, 204, 205 और 206 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

