home page

मुंबई की महापौर ने खेली फूलों की होली

 | 

मुंबई, 03 मार्च (हि.स.)। चंद्र ग्रहण के कारण मंगलवार को होली व धूलिवंदन को लेकर लोगों में दुविधा का माहौल रहा। होलिका दहन के बाद कईयों ने मंगलवार को होली खेली तो कई लोग बुधवार को होली मनाएंगे। मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने फूलों की होली खेली और लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

घाटकोपर (पूर्व) के राजावाड़ी उद्यान में ‘फूलों की होली’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में बडी संख्या में लोग शामिल हुए। इस अनोखी होली में लोगों को पर्यावरण–अनुकूल त्योहार मनाने पर बल दिया गया। इस कार्यक्रम में विधायक पराग शाह भी मौजूद थे। यहां रासायनिक रंगों की जगह फूलों की पंखुड़ियों से धूलिवंदन किया गया। पानी की बर्बादी से बचने का संदेश दिया गया।

महापौर रितु ने कहा कि त्योहार केवल उत्सव का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी हैं। होलिका दहन में हरे-भरे पेड़ों की कटाई नही की जानी चाहिए। सूखी लकड़ियों का उपयोग कर पारंपरिक रीति से होलिका दहन किया जाना चाहिए। प्लास्टिक, रबर, टायर या रसायनयुक्त वस्तुओं को जलाने से बचा जाना चाहिए। कार्यक्रम के बाद उपयोग किए गए फूलों को एकत्रित कर जैविक खाद बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई। विधायक शाह ने कहा कि इस तरह की पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। ध्वनि प्रदूषण से भी बचा जाना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार