मुंबई महापौर ने की कैप्टन स्मित के परिजनों से मुलाकात
मुंबई, 04 अक्टूबर (हि.स.)। सह-पायलट के चाकू हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद फ्लाईदुबई के जांबाज पायलट कैप्टन स्मित मछार ने 180 यात्रियों की जान बचाई थी। मुंबई की महापौर रितू तावड़े ने रविवार को स्मित के परिजनों से मुलाकात की।
महापौर ने घाटकोपर पूर्व स्थित ‘धवलगिरी’ बिल्डिंग में स्मित के चाचा किशोर मछार के आवास पर पहुंचकर परिवार का हालचाल जाना और स्मित के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
कैप्टन स्मित मुंबई के रहने वाले हैं। 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में यह घटना हुई थी। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने धैर्य नहीं खोया और विमान की कॉकपीट को खोल दिया। विमान में 27 बच्चों सहित 180 यात्री सवार थे। उनके असाधारण साहस की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप सहित कई अंतरराष्ट्रीय नेताओं ने सराहना की है।
महापौर तावड़े ने कहा कि कैप्टन स्मित के साहस ने न केवल मुंबई, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। हमें उन पर गर्व है। उन्होंने स्मित के शीघ्र स्वस्थ्य होने की प्रार्थना की। इस अवसर पर विधायक पराग शाह, नगरसेवक धर्मेश गिरी, नगरसेविका राखी जाधव सहित स्थानीय गणमान्य व्यक्ति और नागरिक मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

