मुंबई जिलाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने निकाली साइकिल रैली
मुंबई, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई शहर जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के ज़रिए एक साइकिल रैली आयोजन किया गया। इसमें जनसेवा के साथ स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया। जिलाधिकारी आंचल गोयल के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी बप्पासाहेब थोरात के मार्गदर्शन में और रेजिडेंट उपजिलाधिकारी डॉ. शिवनंदा लंगड़ापुरे की प्लानिंग के तहत यह रैली उत्साह के साथ निकाली गई।
‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर, 2026 तक चलाया जा रहा है। इसके तहत निकाली गई इस साइकिल रैली में अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। स्वस्थ्य जीवनशैली, पर्यावरण बचाने और सामाजिक हिस्सेदारी का संदेश दिया गया। जिलाधिकारी कार्यालय के कैंपस से रेजिडेंट उपजिलाधिकारी डॉ. शिवनंदा लंगड़ापुरे ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। जिलाधिकारी कार्यालय से शुरू हुई यह रैली गेटवे ऑफ इंडिया होते हुए एनसीपीए, मरीन ड्राइव पहुंची और पूरे जोश के साथ खत्म हुई।
‘सेवा संकल्प’ अभियान के जरिए सरकारी सेवाओं को नागरिकों तक ज़्यादा असरदार तरीके से पहुंचाने व सामाजिक कामों में अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

