home page

वैश्विक स्तर का ‘मुंबई क्लाइमेट वीक’ मुंबई में आयोजित होगा: मुख्यमंत्री फडणवीस

 | 

मुंबई, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को मुंबई स्थित मंत्रालय में कहा कि जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भारत के नेतृत्व को रेखांकित करने वाला ‘मुंबई क्लाइमेट वीक’ वैश्विक स्तर का सम्मेलन अगले वर्ष फरवरी में मुंबई में आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि मुंबई क्लाइमेट वीक का मुख्य कार्यक्रम 17 से 19 फरवरी 2026 की अवधि में जिओ वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में संपन्न होगा। साथ ही, नागरिकों को इसमें भाग लेने का अवसर मिले, इसके लिए शहरभर में विभिन्न प्रदर्शनियां, कार्यशालाएं, फिल्म, कला, खेल, स्वास्थ्य और अध्यात्म से संबंधित उपक्रम तथा क्लाइमेट फूड फेस्टिवल जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस सम्मेलन में ग्लोबल साउथ के 30 से अधिक देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे और इसमें व्यावहारिक जलवायु परिवर्तन कार्रवाई कार्यक्रम तैयार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि मुंबई क्लाइमेट वीक भारत के संकल्प और नेतृत्व को प्रदर्शित करता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा निर्धारित दृष्टिकोण से प्रेरित होकर, मुंबई और महाराष्ट्र ग्लोबल साउथ के लिए न्यायसंगत, नवोन्मेषी और अच्छी वित्तीय सहायता वाला जलवायु भविष्य बनाने में सहायता करने के लिए तैयार हैं।

‘प्रोजेक्ट मुंबई’ के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिशिर जोशी ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि मुंबई क्लाइमेट वीक महाराष्ट्र और भारत के लिए एक ऐतिहासिक चरण साबित होगा। जलवायु परिवर्तन का सामना करने के लिए जनसहभागिता आधारित, स्थायी और समावेशी समाधान इस सम्मेलन की चर्चाओं से तैयार होंगे।

इस उपक्रम का नॉलेज पार्टनर मॉनिटर डिलॉइट होगा तथा क्लाइमेट ग्रुप, इंडिया क्लाइमेट कोलैबोरेटिव, वर्ल्ड रिसोर्सेज इंस्टीट्यूट (इंडिया), एव्हरसोर्स, एचटी पारेख फाउंडेशन, यूनिसेफ, शक्ती फाउंडेशन, रेनमैटर फाउंडेशन, नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट और राष्ट्रीय सेवा योजना जैसी संस्थाएं इसमें भाग लेंगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री कार्यालय की अपर मुख्य सचिव अश्विनी भिडे, सचिव डॉ. श्रीकर परदेशी, मुख्यमंत्री के मुख्य आर्थिक सलाहकार कौस्तुभ धवसे, प्रोजेक्ट मुंबई के सलाहकार मंडल सदस्य रिधिमा देसाई और जलज दानी आदि उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव