मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में नियमित
मुंबई, 26 मई, (हि. स.)। पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा तथा मुंबई सेंट्रल और काठगोदाम के बीच नियमित रेल संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ट्रेन संख्या 09075/09076 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को नियमित किया गया है। यह नियमित सेवा संशोधित ट्रेन संख्या 21907/21908 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम- मुंबई सेंट्रल साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में परिचालित की जाएगी।
पश्चिम रेलवे से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन संख्या 21907 मुंबई सेंट्रल- काठगोदाम साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस की नियमित सेवा 27 मई, 2026 से मुंबई सेंट्रल से प्रारंभ होगी, जबकि ट्रेन संख्या 21908 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस की नियमित सेवा 28 मई, 2026 से काठगोदाम से प्रारंभ होगी।
ट्रेन संख्या 21907 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार को मुंबई सेंट्रल से 10:55 बजे प्रस्थान करेगी तथा अगले दिन 13:50 बजे काठगोदाम पहुंचेगी। इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 21908 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को काठगोदाम से 17:30 बजे प्रस्थान करेगी तथा अगले दिन 21:00 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी।
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बोरीवली, वापी, वलसाड, सूरत, वडोदरा, रतलाम, शामगढ़, रामगंज मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस सिटी, कासगंज, बदायूं, बरेली जं., बरेली सिटी, इज्जतनगर, बहेड़ी, किच्छा, लालकुआं तथा हल्द्वानी स्टेशनों पर ठहरेगी। इस ट्रेन में एसी 2-टियर, एसी 3-टियर, शयनयान तथा द्वितीय श्रेणी के सामान्य डिब्बे होंगे।
ट्रेन संख्या 09075/09076 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल साप्ताहिक स्पेशल में आरक्षण कराने वाले यात्रियों से अनुरोध है कि संशोधित ट्रेन संख्याओं को ध्यान में रखें, क्योंकि यह ट्रेन उपर्युक्त तिथियों से ट्रेन संख्या 21907/21908 के रूप में परिचालित की जाएगी। ट्रेनों के समय, ठहराव एवं रेक संरचना संबंधी विस्तृत जानकारी www.enquiry.indianrail.gov.in पर प्राप्त की जा सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

