home page

स्वच्छता पखवाड़ा: मुंबई सेंट्रल मंडल का खाद्य सुरक्षा, ट्रैक स्वच्छता अभियानों पर दिया जोर

 | 
स्वच्छता पखवाड़ा: मुंबई सेंट्रल मंडल का खाद्य सुरक्षा, ट्रैक स्वच्छता अभियानों पर दिया जोर


मुंबई, 09अक्टूबर, (हि. स.)। स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के क्रम में पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल ने रेलवे स्टेशनों, यार्डों, कोचिंग डिपो, शेडों और आवासीय कॉलोनियों में स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन, हाइजीन सेनीटेशन और खाद्य सुरक्षा अभियानों को और तेज कर दिया है। चल रहे इस अभियान में 'जन भागीदारी' के बैनर तले ट्रैकसाइड स्वच्छता, खानपान इकाइयों में कड़े गुणवत्ता नियंत्रण और व्यापक नागरिक सहभागिता पर जोर दिया गया है।पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, मुंबई सेंट्रल मंडल में व्यापक ट्रैकसाइड और परिसर स्वच्छता अभियान चलाए गए, जिसके तहत स्टेशन सीमाओं के भीतर 125 स्थानों और स्टेशन सीमाओं के बाहर पांच स्थानों पर कार्य किया गया। इन अभियानों के दौरान 4000 किग्रा से अधिक कचरा और लगभग 9 किमी की अवांछित ट्रैकसाइड वनस्पतियों को हटाया गया। 91 स्टेशनों और तीन रेलवे कॉलोनियों में कचरे का व्यवस्थित स्रोत पृथक्करण किया गया। मुंबई सेंट्रल में ईएमयू कार शेड, बांद्रा टर्मिनस और मुंबई सेंट्रल में कोचिंग डिपो, वलसाड में इलेक्ट्रिक लोको शेड, नंदुरबार स्टैबलिंग यार्ड और अन्य रेलवे परिसरों में भी गहन सफाई अभियान चलाए गए।यात्री खाद्य सुरक्षा और खानपान स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। वाणिज्य और स्वास्थ्य निरीक्षकों ने लोअर परेल, दादर, बोरीवली और नंदुरबार स्टेशनों पर खाद्य स्टॉलों की कड़ी गुणवत्ता जांच की, जिसमें पानी के रेसिडुअल क्लोरीन लेवल का परीक्षण और टोटल डिस्टिल्ड सोलिड्स विश्लेषण शामिल है। इसके अतिरिक्त, ट्रेनों में पेंट्री कार सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया गया, जिसके दौरान गुणवत्ता-नियंत्रण विश्लेषण के लिए भोजन और दूध के नमूने एकत्र किए गए। यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वास्थ्यप्रद भोजन सुनिश्चित करने के लिए पेंट्री कर्मचारियों को व्यक्तिगत और परिचालन स्वच्छता बनाए रखने के प्रति संवेदनशील बनाया गया। इसके अलावा, स्वच्छता टीमों ने 14 पेयजल स्थलों/भंडारण टंकियों का निरीक्षण किया और बेस किचन तथा पेंट्री इकाइयों से जुड़ी आठ समर्पित भंडारण टंकियों की सफाई की।जन जागरूकता और युवा भागीदारी को सुदृढ़ करते हुए, बोरीवली रोटरी क्लब, रोटरैक्ट क्लब ऑफ मुंबई एंकर्स के सहयोग से आसपास के शिक्षण संस्थानों की भागीदारी के साथ बोरीवली स्टेशन पर एक ऊर्जावान सामुदायिक स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। छात्रों, शिक्षकों और क्लब के सदस्यों को मिलाकर लगभग 50 स्वयंसेवकों द्वारा श्रमदान में सक्रिय रूप से भाग लिया तथा यात्रियों को जिम्मेदार अपशिष्ट निपटान के प्रति जागरूक करने के लिए स्वच्छता पर एक प्रभावकारी नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। इन निरीक्षणों और जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से, मुंबई सेंट्रल मंडल 'स्वच्छता पखवाड़ा 2026' के दौरान रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता को लगातार मजबूत कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार