एमआरवीसी का अनूठा ‘रेल जन संवाद’
मुंबई, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई की उपनगरीय रेल सेवा को सुविधाजनक, बेहतर और सुगम बनाने के लिए मुंबई रेलवे विकास कॉर्पोरेशन (एमआरवीसी) ने रेल यात्रियों के साथ अनूठा ‘रेल जन संवाद’ का आयोजन किया। इसमें रेल प्रेमियों को एमआरवीसी के कार्यालय में आमंत्रित किया गया था। इस दौरान उनके नए विचार और व्यावहारिक सुझाव प्राप्त किए गए, ताकि भविष्य में उपनगरीय रेल व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।
एमआरवीसी के अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक विलास एस. वाडेकर की पहल पर यह आयोजन किया गया था। इसका उद्देश्य ऐसे रेल प्रेमियों को अपने विचार रखने का अवसर देना था, जो लंबे समय से मुंबई की उपनगरीय रेल व्यवस्था का अध्ययन कर रहे हैं। इसमें सुधार के लिए समय-समय पर उपयोगी सुझाव देते रहे हैं। यह कार्यक्रम देशभर में आयोजित किए जा रहे ‘रेल जन संवाद’ अभियान का हिस्सा था। संवाद के दौरान रेल लाइनों की क्षमता बढ़ाने, बेहतर रेल संपर्क, स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं में सुधार, आधुनिक लोकल ट्रेनों, परिवहन के विभिन्न साधनों के बीच बेहतर तालमेल और तेजी से विकसित हो रहे मुंबई महानगर क्षेत्र की भविष्य की रेल जरूरतों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर एमआरवीसी की वर्तमान परियोजनाओं और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी गई।
रेल प्रेमियों ने विभिन्न रेल मार्गों के बीच बेहतर संपर्क, मौजूदा रेल सुविधाओं, एकीकृत टिकट व्यवस्था और यात्रियों की सुविधा बढ़ाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। मुंबई महानगर क्षेत्र के नए विकसित हो रहे शहरी और औद्योगिक क्षेत्रों को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने पर भी विचार-विमर्श हुआ। संवाद के दौरान प्राप्त सुझावों पर विचार किया जाएगा और मध्य व पश्चिम रेलवे से संबंधित सुझावों को उनके विचारार्थ भेजा जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

