home page

एमपीएससी दर्ज कराएगा पुलिस में शिकायत

 | 

मुंबई, 27 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) ने एफडीए के ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले को गंभारता से लिया है। कमिशन ने इस मामले में सभी संबंधित दस्तावेज, बयान और सबूत इकट्ठा करने के बाद पुलिस में अधिकृत शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया है। यह जानकारी कमीशन के सचिव महेंद्र हरपालकर ने दी है।

हरपालकर ने सोमवार को प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि छह विभागीय मुख्यालय पर 22 मार्च 2026 को ड्रग इंस्पेक्टर के 154 पदों के लिए एक ऑफलाइन परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के रिजल्ट 12 जून को घोषित किए गए थे। उसके बाद 1 से 22 जुलाई के बीच 488 पात्र उम्मीदवारों के साक्षात्कार लिए गए और 22 जुलाई को प्रोविजनल मेरिट लिस्ट वेबसाइट पर जारी की गई। इस बीच गौरव पाटिल ने कमीशन से शिकायत की कि परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक हुआ था। शिकायतकर्ता और संबंधित कैंडिडेट को कमीशन के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया था। दोनों पूछताछ के लिए गैरहाजिर रहे।

हरपालकर ने बताया कि इस बीच एक और पत्र मिला है, जिसमें कहा गया है कि संबंधित शिकायत दोस्त ऋषिकेश गंगुर्डे ने गलतफहमी पैदा करने के इरादे से की थी। वह यह दावा नहीं कर रहे हैं कि प्रश्नपत्र लीक हुआ था। हालांकि कमीशन ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और पुलिस में मामला दर्ज कराने का निर्णय किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार