एमपीएससी पेपर लीक मामलाः रोहित पवार ने दी आंदोलन की चेतावनी
मुंबई, 03 अगस्त (हि.स.)। एनसीपी (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) के ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती पेपर लीक मामले में नया खुलासा किया है। उन्होंने मंगलवार को दावा किया कि पेपर 25 लाख रुपये में लीक गए थे। यह बात सीआईडी को सौंपे गए सबूतों में साबित हो गई है। आखिर सरकार दोषिय़ों पर कब कार्रवाई करेगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने कोई एक्शन नहीं लिया तो पूरे राज्य के विद्यार्थियों के साथ पुणे में आंदोलन किया जाएगा।
रोहित पवार ने मुंबई के पार्टी कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि पार्टी अध्यक्ष शरद पवार और कार्याध्यक्ष सुप्रिया सुले ने हमें सबूतों के साथ बोलने की सीख दी है। हम सभी और मैं खुद भी कोई मुद्दा सबूतों व साक्ष्यों के आधार पर ही उठाता हूं। एमपीएससी पेपर लीक का मामला हमने सीआईडी को सबूतों के साथ सौंपा था। जांच में पता चला है कि पेपर 25 लाख रूपये में लीक किए गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर रील सार्वजनिक कर कहा था कि मैं किसी को नहीं छोडूंगा। विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिललवाड़ करने वालों को नहीं बख्शा जाएगा। इससे कोई समझौता नहीं किया जाएगा। लेकिन महाराष्ट्र में परीक्षा घोटाले से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य खतरे में आ गया है। क्या यह भूमिका रील तक ही सीमित रहेगी या दोषियों पर कार्रवाई होगी।
रोहित के अनुसार यह देखना जरूरी हो गया है कि दोषियों के खिलाफ कब कार्रवाई होगी। शिक्षा क्षेत्र में पेपर लीक, प्रवेश प्रक्रिया में घोटाले हो रहे हैं। एमपीएससी व सीईटी के पेपर के लीक हुए हैं। शिक्षा क्षेत्र में हो रहे घोटालों के खिलाफ यदि सरकार ने तत्काल कार्रवाई नहीं की तो छात्र संगठनों व युवाओं के साथ उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

