एमपीएससी पेपर लीक मामलाः जांच आयोग की कार्यवाही शुरू
मुंबई, 29 अक्टूबर (हि.स.)>महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पैपर लीक मामलों की जांच के लिए गठित आयोग ने कार्यवाही शुरू कर दी है। जांच के लिए मुंबई के बीकेसी स्थित अन्न व औषधि प्रशासन (एफडीए) कार्यालय की दूसरी मंजिल पर कार्यालय बनाया गया है।
राज्य सरकार ने इस जांच आयोग की अध्यक्षता इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति दिलीप भोसले को सौंपी है। एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे आयोग के सचिव हैं। आयोग के दायरे में वर्ष 2023 से 2026 के बीच आयोजित नौ परीक्षाएं शामिल हैं। इनमें औषध निरीक्षक परीक्षा, महाराष्ट्र समूह-ब और समूह-क की परीक्षाएं, कृषि सेवा, अन्न व औषध प्रशासन सेवा व स्थापत्य और विद्युत अभियांत्रिकी सेवा की परीक्षाएं शामिल हैं। आयोग के अनुसार, संबंधित लोग अपना बयान मराठी या अंग्रेजी में शपथपत्र के रूप में दे सकते हैं। इसके साथ वैध पहचान पत्र और संबंधित दस्तावेजों की स्वयं प्रमाणित प्रतियां लगाना जरूरी है। बयान और दस्तावेजों की एक प्रति आयोग के ईमेल पते complaints.inquirycomm.mpsc@maharashtra.gov.in पर भी भेजनी होगी।
शिकायत दर्ज कराने या प्रक्रिया की जानकारी के लिए आयोग ने 022-20867677 नंबर जारी किया है। आयोग को मिले शपथपत्र और दस्तावेज गोपनीय रखे जाएंगे। प्रस्तुत जानकारी की जांच के बाद किसी व्यक्ति को गवाह के रूप में बुलाना है या नहीं, इसका फैसला आयोग करेगा। आयोग ने मामले से जुड़ी जानकारी रखने वाले परीक्षार्थियों, विद्यार्थियों, नागरिकों और संस्थाओं से 16 नवंबर 2026 तक अपने बयान शपथपत्र के जरिए जमा करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

