home page

मुंबई में समुद्र की सफाई के लिए बीएमसी और ‘द ओशन क्लीनअप’ के बीच समझौता

 | 
मुंबई में समुद्र की सफाई के लिए बीएमसी और ‘द ओशन क्लीनअप’ के बीच समझौता


मुंबई, 18 नवंबर (हि.स.)। मुंबई के समुद्र को प्लास्टिक और अन्य ठोस कचरे से मुक्त करने के उद्देश्य से बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) और अंतरराष्ट्रीय संस्था ‘द ओशन क्लीनअप’ के बीच 18 नवंबर 2026 को समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।

इस पहल के तहत समुद्र में जाने वाले प्लास्टिक और अन्य कचरे को रोकने के लिए मुंबई में 9 नए स्थानों पर इंटरसेप्टर सिस्टम लगाए जाएंगे। इससे पहले ट्रॉम्बे खाड़ी और मालाड खाड़ी में लगाए गए इंटरसेप्टर सिस्टम के माध्यम से सितंबर 2026 तक कुल 119.5 मीट्रिक टन कचरा हटाया जा चुका है। इसमें ट्रॉम्बे खाड़ी से 102 मीट्रिक टन और मालाड खाड़ी से 17.5 मीट्रिक टन कचरा शामिल है।

नए इंटरसेप्टर सिस्टम दादर-धारावी नाला, पिरामल नाला, गजधरबंध नाला, मिठी नदी, ट्रॉम्बे खाड़ी, कला नगर नाला, राजेंद्र नगर नाला, माहुल नाला और मालवणी नाला में लगाए जाएंगे। समझौते पर बीएमसी के उप आयुक्त गिरीश निकम और ‘द ओशन क्लीनअप’ के संस्थापक एवं सीईओ बोयन स्लैट ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर मुंबई की महापौर रितू तावड़े, उपमहापौर संजय घाड़ी और नगर आयुक्त अश्विनी भिड़े सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

महापौर रितू तावड़े ने कहा कि मुंबई की नदियों, नालों और समुद्री तटों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखना महानगरपालिका की प्राथमिकता है। बीएमसी पहले ही 14 स्थानों पर ट्रैश बूम सिस्टम लगा चुकी है। वहीं, आयुक्त अश्विनी भिड़े ने कहा कि बीएमसी की कचरा प्रबंधन व्यवस्था और ‘द ओशन क्लीनअप’ की आधुनिक तकनीक के सहयोग से समुद्र में प्लास्टिक कचरे को जाने से रोकने में मदद मिलेगी। इस पहल का उद्देश्य समुद्री प्रदूषण कम करना, समुद्री जैव विविधता की रक्षा करना और मुंबई को स्वच्छ एवं पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अंचल तिवारी