विरार में टैंकर की टक्कर से मां-बेटे की मौत
मुंबई, 12 अक्टूबर, (हि. स.)। विरार में तेज रफ्तार टैंकर की टक्कर ने एक मां और उसके चार साल के मासूम बेटे की जिंदगी छीन ली। पुलिस ने आरोपी टैंकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, नालासोपारा के गावराईपाडा निवासी धर्मेंद्र पाल सोमवार सुबह अपनी पत्नी कविता पाल और दो बेटों के साथ बाइक से विरार स्थित जीवदानी माता मंदिर में दर्शन के लिए निकले थे। परिवार में चार साल का आरायू पाल और उसका बड़ा भाई भी साथ था। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के रहने वाले पाल सोमवार सुबह करीब 8:45 बजे कोपरी स्थित साईं दत्त अस्पताल होते हुए हाईवे मार्ग से जा रहे थे। उसी वक्त उनकी बाइक को एक टैंकर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि परिवार के सदस्य सड़क पर गिर पड़े। हादसे में कविता पाल और उनके चार वर्षीय बेटे आरायू पाल की मौके पर ही मौत हो गई। विरार के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक लालू तूरे ने बताया कि टैंकर चालक शमशेर अली के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

