बढ़ा मानसून का इंतजार, 24-25 जून से बारिश की संभावना
मुंबई, 17 जून (हि.स.)। भीषण गर्मी से जूझ रहे महाराष्ट्र के लोगों को अभी राहत मिलती नहीं दिखाई दे रही है। पहले अनुमान था कि 20 जून तक राज्य में मानसून सक्रिय हो सकता है। लेकिन मानसून का इंतजार और बढ़ गया है। मौसम विभाग ने अनुसार 24-25 जून के आसपास कोंकण बेल्ट में बारिश की गतिविधि बढ़ सकती है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून इस महीने की 8 तारीख को दक्षिण कोंकण और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र के आस-पास के इलाकों में आगे बढ़ा था। अल-नीनो के प्रभाव के कारण मौसम पर असर पड़ा है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हिंद महासागर और अरब सागर के ऊपर क्रॉस-इक्वेटोरियल प्रवाह हाल के समय में कमजोर हो गया है। इससे मानसून की गतिविधियों में कमी आई है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव वाले क्षेत्र या चक्रवाती परिसंचरण या पश्चिमी तट के साथ पर्याप्त तीव्रता वाला ऑफशोर ट्रफ अभी मौजूद नहीं हैं। परिसंचरण पैटर्न अभी महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए मजबूत समर्थन का संकेत नहीं दे रहे हैं। नतीजतन अगले 4-5 दिनों के दौरान महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधि छिटपुट रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की उत्तरी सीमा अभी हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राचलम, कोरापुट, फुलबानी, रांची, जमुई, मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है। बड़े पैमाने पर मौसम संबंधी स्थितियों की कमी के कारण पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने की प्रक्रिया रुकी हुई है। मौजूदा मानसून प्रवाह में अरब सागर से आने वाली तेज हवाओं की कमी है। ऐसी हवाएं आमतौर पर नमी लाने और व्यापक बारिश के लिए जिम्मेदार होती हैं, जिससे मानसून आगे बढ़ता है। दक्षिण-पश्चिमी हवाएं अरब सागर के ऊपर कमजोर पड़ गई हैं, जिसके कारण महाराष्ट्र के तट और अंदरूनी इलाकों की ओर नमी का प्रवाह कम हो गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

