मानसून की विदाई, अक्टूबर हीट ने बढ़ाई चिंता
मुंबई, 08 अक्टूबर (हि.स.)। मानसून की विदाई लगभग होने को है। हालांकि अक्टूबर हीट ने चिंता ने बढ़ा दी है। गुरुवार को मुंबई में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। लिहाजा तेज धूप के कारण उमस भरी गर्मी से लोग पसीने से तर-बतर हो सकते हैं। साथ ही वायरल फीवर के मरीज बढ़ सकते हैं।
पिछले कुछ दिनों से चिलचिलाती धूप से लोग परेशान हो रहे हैं। कार्यालय, स्कूल-कॉलेज या काम के सिलसिले में बाहर निकलने वाले लोगों को चिलचिलाती धूप और उमस का सामना करना पड़ रहा है। श्रमिकों, डिलीवरी कर्मचारियों, यातायात पुलिस और अन्य फील्ड कर्मचारियों के लिए बढ़ता तापमान चुनौती बन गया है।
मौसम में अचानक आए इस बदलाव का असर स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है। ऐसे में नागरिकों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, शरीर में पानी की कमी न होने देने और धूप में लंबे समय तक रहने से बचने की सलाह दी जा रही है। बच्चों, बुजुर्गों, गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं के लिए सावधानी बरतना जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

