home page

मनसे का वडाला में एसआईआर के खिलाफ आंदोलन

 | 

मुंबई, 13 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने सोमवार को वडाला में मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग के अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन किया. मनसे नेता संदीप देशपांडे ने चेतावनी दी है कि यदि इन गड़बड़ियों को तत्काल दूर नहीं किया तो पार्टी बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी।

मनसे नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वडाला में चुनाव आयोग के अधिकारियों का घेराव किया और उनसे तीखे सवाल पूछे। मनसे नेता देशपांडे ने बताया कि चुनाव आयोग के 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान वडाला में खुद मनसे के शाखा अध्यक्ष का नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया है। इसके अलावा बड़े पैमाने पर फर्जी फॉर्म-6 भरने और फर्जी हलफनामे के जरिए नाम काटे जाने की गड़बड़ी सामने आई है।

देशपांडे ने चुनाव अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि मतदाता सूची से अवैध रूप से हटाए गए नामों और इस हेरफेर को तुरंत ठीक नहीं किया गया, तो इस मामले को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी जाएगी। इस विरोध प्रदर्शन को एसआईआर और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे आंदोलन का हिस्सा माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार