मनसे का एसआरए मुख्यालय पर मोर्चा
मुंबई, 10 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने सोमवार को वर्ली के मुंबई में झोपड़पट्टी पुनर्वास परियोजनाओं में हो रही देरी को लेकर एसआरए मुख्यालय पर मोर्चा निकाला। प्रदर्शन के जरिए मनसे ने एसआरए परियोजनाओं के कामकाज में पारदर्शिता और जरूरतमंदों के पुनर्वास में तेजी लाने की मांग की। मनसे कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एसआरए परियोजनाओं पर बड़े पैमाने पर धांधली चल रही है। इस वजह से झोपड़पट्टीवासी अपने घरों को लेकर असमंजस में हैं।
मनसे नेता संदीप देशपांडे के नेतृत्व में निकाले इस मोर्चे में बड़ी संख्या में नागरिक और पार्टी कार्यकर्ता शामिल थे। विशेषकर वर्ली के सिद्धार्थ नगर के रहवासी इस मोर्चे में बड़ी संख्या में शामिल थे। देशपांडे ने आरोप लगाया कि सिद्धार्थ नगर का काम कई वर्षों से लंबित पड़ा है। मुंबई में कई स्लम रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स वर्षों से रुके हुए हैं। इससे लोगों को किराए पर या सस्ते घर नहीं मिल रहे हैं।
देशपांडे ने कहा कि प्रशासनिक कथित हेरफेर और घोटाले की संभावना है। सरकार और प्रशासन को झोपड़पट्टी धारकों को मिलने वाले समय पर किराए और उनके हक के घरों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। नियमों को ताक पर रखने वाले और मनमाने ढंग से काम करने वाले बिल्डरों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

