home page

शव यात्रा निकालकर मनसे ने किया मनपा मुख्यालय पर प्रदर्शन

 | 
शव यात्रा निकालकर मनसे ने किया मनपा मुख्यालय पर प्रदर्शन


मुंबई, 14 जुलाई, (हि. स.)। वसई-विरार में बीते दिनों हुई भारी बारिश के बाद पैदा हुई बाढ़ जैसी स्थिति को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने मंगलवार को प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालकर वसई विरार शहर मनपा प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान मनसे के ठाणे-पालघर जिलाध्यक्ष अविनाश जाधव ने मनपा आयुक्त से मुलाकात कर कहा कि प्राकृतिक नालों पर अतिक्रमण, अधूरी ड्रेनेज व्यवस्था और अनियोजित शहरी विकास ने शहर को जलभराव के संकट में धकेल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन के पास आपदा से निपटने की कोई प्रभावी योजना नहीं थी, जिसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ा।

मनसे ने यह भी कहा कि शहर में तेजी से बढ़ रहे अनधिकृत निर्माण और झोपड़पट्टियों के कारण मूलभूत सुविधाओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। सड़क, जलनिकासी, श्मशानभूमि और अन्य नागरिक सुविधाओं का विस्तार आबादी के अनुपात में नहीं होने से समस्याएं लगातार गंभीर होती जा रही हैं। पार्टी ने मांग की कि सभी प्राकृतिक नालों को तत्काल अतिक्रमण मुक्त किया जाए, बारिश के पानी की निकासी के लिए स्थायी मास्टर प्लान तैयार किया जाए और जलभराव वाले क्षेत्रों की वैज्ञानिक तरीके से पहचान कर दीर्घकालीन समाधान लागू किया जाए। प्रदर्शन के दौरान मनसे पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार