ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मनसे की ‘सेल्फी विद ज्ञानू’ मुहिम
मुंबई, 14 अक्टूबर (हि.स.)। राज ठाकरे की अगुवाई वाली मनसे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञोनेश कुमार की इस्तीफे की मांग को लेकर अनोखी मुहिम चलाई है। दादर के शिवाझी पार्क मैदान में ‘सेल्फी विद ज्ञानू’ अभियान की शुरूआत की गई है।
मनसे ने एसआईआर में मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ी और मतदाताओं के नाम काटे जाने के आरोपों को लेकर ईवीएम के बजाए बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग की है। हस्ताक्षर मुहिम के बाद अब पार्टी ने ‘सेल्फी विद ज्ञानू’ अभियान शुरू किया है। पार्टी नेता अमित ठाकरे व संदीप देशपांडे ने ज्ञानेश कुमार का सिंबॉलिक कटआउट पहनकर और उनके साथ सेल्फी लेकर विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
मांग की गई है कि मुख्य चुनाव आयुक्त मामले की जांच होने तक अपने पद से इस्तीफा दें। देशपांडे ने कहा कि मतदाता सूची से नाम काटे जाने के मामले को लेकर हम चुनाव आयोग के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका दायर करेंगे। हमने वकीलों से बात की है। जिन वोटर के नाम कटे हैं, उनसे फॉर्म नंबर 06 भरने को कहा जा रहा है, वह फॉर्म नए मतदाताओं के लिए है।
मनसे ने शिवाजी पार्क, नवी मुंबई और पिंपरी-चिंचवड़ सहित राज्य के कई हिस्सों में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाया, जिसे लोगों का भारी प्रतिसाद मिला। ये सभी इकट्ठा किए गए हस्ताक्षर चुनाव आयोग को सौंपे जाएंगे। अब देखना होगी कि 'सेल्फी विद ज्ञानू' कैंपेन का क्या असर होता है। इस पहल के जरिए लोग अपनी फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर डालेंगे और अपनी बात कहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

