नासिक में बस पलटने से दो की मौत, सात घायल
मुंबई, 07 अक्टूबर (हि.स.)। नासिक जिले में नासिक-पेठ मार्ग पर करंजली के पास सावल घाट में मंगलवार देर रात एक निजी बस के पलटने से दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। हादसा घने कोहरे के बीच हुआ। इस घटना की सूचना मिलते ही नासिक पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि नासिक की चौधरी ट्रैवल कंपनी की बस करीब 25 यात्रियों को लेकर नासिक से अहमदाबाद जा रही थी। रात करीब 11 बजे सावल घाट के पास बस अनियंत्रित होकर सडक़ पर पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक और उपविभागीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। विभिन्न इलाकों से चार एम्बुलेंस भेजकर घायलों को बस से बाहर निकाला गया और डिंडोरी ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद आठ लोगों को रात करीब दो बजे नासिक जिला सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
हादसे में राहुल ओझा और महेंद्र पाल (48), निवासी वडोदरा की मौत हो गई। घायलों में प्रमिला राउत (53), यश देसाई (30), आरती देसाई (28), बाल विमल जगदीश (65), नयन वासने (27), स्वाति सुरेश बदाने (48) और सुरेश बदाने (58) शामिल हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह हादसा घने कोहरे की वजह से चालक के बस पर नियंत्रण खोने की वजह से हुआ। फिलहाल मामले की छानबीन जारी है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

