home page

महाराष्ट्र में राहुरी और बारामती विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव 23 अप्रैल को

 | 

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा- उपचुनाव निर्विरोध कराने का प्रयास

मुंबई, 15 मार्च (हि.स.)। चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र की दो विधानसभा सीटें राहुरी (अहिल्यानगर जिला) और बारामती (पुणे जिला) में उपचुनाव के लिए 23 अप्रैल को मतदान और चार मई को मतगणना की घोषणा की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि वे इन दोनों सीटों पर उपचुनाव निर्विरोध करवाने का प्रयास करेंगे लेकिन अगर चुनाव की नौबत आई तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तैयार है।

महाराष्ट्र की राहुरी विधानसभा की सीट भाजपा विधायक शिवाजी भानुदास कर्डिले के निधन के बाद रिक्त हुई थी। जबकि बारामती विधानसभा क्षेत्र की सीट अजीत अनंतराव पवार की मौत की वजह से खाली हुई है। इसीलिए रविवार को चुनाव आयोग ने इन दोनों सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की है। राहुरी विधानसभा की सीट भाजपा के विधायक भानुदान कर्डिले ने जीती थी। इसलिए यह भाजपा की परंपरागत सीट है। इसलिए भाजपा इस सीट पर अपना उम्मीदवार निर्विरोध चयनित करना चाहती है। जबकि बारामती विधानसभा क्षेत्र की सीट राकांपा विधायक अजीत पवार की परंपरागत सीट थी। इसलिए राकांपा एपी इस सीट पर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजीत पवार को विधायक बनाना चाहती है। इसीलिए आज मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि उनका प्रयास इन दोनों सीटों पर निर्विरोध चुनाव करवाने का है। लेकिन अगर चुनाव होते हैं तो भाजपा दोनों सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी अजीत पवार गुट के विधायक अमोल मिटकरी ने कहा कि सुनेत्रा अजीत पवार बारामती सीट से चुनाव लड़ेंगी। मुख्यमंत्री ने दोनों सीटों के लिए निर्विरोध चुनाव का प्रयास की घोषणा की है। इसलिए उन्हें लगता है कि चुनाव निर्विरोध होंगे।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव