home page

ठेकेदारों की लूट और प्रशासनिक निष्क्रियता अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी: विधायक स्नेहा दुबे पंडित

 | 
ठेकेदारों की लूट और प्रशासनिक निष्क्रियता अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी: विधायक स्नेहा दुबे पंडित


मुंबई, 28 जुलाई, (हि. स.)। वसई पूर्व के वसंतनगरी से वसई पूर्व-पश्चिम को जोड़ने वाले मुख्य पुल का पूर्वी हिस्सा और उसके बीच का मुख्य रास्ता अत्यंत जर्जर स्थिति में पहुंच गया है। इससे नागरिकों की सुरक्षा का मुद्दा काफी गंभीर हो गया है। इस मामले में विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने वसई-विरार शहर महानगरपालिका के आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. को एक आधिकारिक पत्र भेजा है। इस पत्र के माध्यम से उन्होंने संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई करने तथा इस सड़क की तुरंत मरम्मत कराने की मांग की है।

वसई पूर्व को पश्चिम से जोड़ने वाली यह मुख्य सड़क पूरी तरह धंस चुकी है और इस पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। इस वजह से पूर्व से पश्चिम की दूरी तय करने में अधिक समय लग रहा है और भारी ट्रैफिक जाम लग रहा है। आपातकालीन स्थितियों में एम्बुलेंस या दमकल विभाग की गाड़ियां भी जाम में फंस रही हैं, जिससे नागरिकों की जान को गंभीर खतरा पैदा हो गया है। महज 2 साल पहले बनी इस सड़क का काम अभी भी अधूरा है। ठेकेदार ने तकनीकी मानकों को ताक पर रखकर बेहद घटिया निर्माण कार्य किया है। विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने आरोप लगाया है कि सिर्फ दो साल में सड़क का धंसना काम में बरती गई लापरवाही और सार्वजनिक धन के दुरुपयोग को दर्शाता है। 3 महीने पहले आयुक्त के निरीक्षण दौरे के दौरान इस सड़क की बदहाली को उनके ध्यान में लाया गया था। इसके बावजूद पिछले 3 महीनों में मरम्मत का कोई काम नहीं किया गया। साथ ही, दोषी ठेकेदार या मनपा अधिकारियों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

विधायक ने कहा कि सड़क की इस दुर्दशा के लिए जिम्मेदार मनपा के प्रभारी नगर अभियंता और कार्यकारी अभियंता को तुरंत निलंबित किया जाए और इस अनुबंध की गहन जांच की जाए। सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता की आई.आय.टी. जैसी प्रतिष्ठित संस्था से जांच कराई जाए। घटिया निर्माण कार्य होने के बावजूद भुगतान मंजूर करने वाले सभी दोषी अधिकारियों की जांच कर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। काम अधूरा छोड़ने और घटिया निर्माण करने वाले ठेकेदार को काली सूची में डाला जाए; साथ ही, नागरिकों की जान जोखिम में डालने और सरकारी धन के गबन के मामले में उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाए। एक स्वतंत्र निविदा प्रक्रिया चलाकर सड़क की तत्काल मरम्मत की जाए और इस मरम्मत का पूरा खर्च मूल ठेकेदार से वसूला जाए। विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने महानगरपालिका प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने आगामी 19 अगस्त 2026 तक इन सभी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की, तो 20 अगस्त 2026 से इस पूरे क्षेत्र के नागरिकों के साथ मिलकर उक्त सड़क पर तीव्र आंदोलन छेड़ा जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार