home page

रिश्वत लेते हुए मंत्रालय का अधिकारी गिरफ्तार

 | 

मुंबई. 05 अप्रैल (हि.स.)। 'मंत्रालय' का एक और अधिकारी भ्रष्टाचार के आरोप में गिऱफ्तार हुआ है। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वित्त एवं योजना विभाग के अनुभाग अधिकारी विलास लाड को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नवी मुंबई के खारघर इलाके में जाल बिछाकर की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी अधिकारी विलास लाड ने ग्राम विकास विभाग के फंड को मंजूर कराने के बदले में रिश्वत मांगी थी। सौदेबाजी के बाद 6 लाख 37 हजार रुपए तय हुए थे। एससीबी को इसकी गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम ने खारघर में घेराबंदी की और जैसे ही लाड ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, उसे हिरासत में ले लिया गया।

मंत्रालय में पिछले कुछ दिनों के भीतर भ्रष्टाचार का यह दूसरा बड़ा मामला सामने आया है। इससे पहले एक मंत्री के निजी सहायक को रिश्वत लेते पकड़ा गया था। मार्च के अंत में हुई ताबड़तोड़ कार्रवाइयों के बाद माना जा रहा था कि यह केवल 'मार्च एंडिंग' का असर है। लेकिन अप्रैल के पहले सप्ताह में हुई इस गिरफ्तारी ने स्पष्ट कर दिया है कि एसीबी भ्रष्टाचार को को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार